जुआ रेड के दौरान युवक तालाब में कूदा, प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू निलंबित
25 नवंबर 2026
सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे प्रशिक्षु उप निरीक्षक पर गंभीर लापरवाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की है। प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 नवंबर 2026 की रात्रि में प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू थाना क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें ग्राम डोमाडीह में तालाब के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना जानकारी दिए अकेले ही जुआ रेड करने पहुंच गए। पुलिस वाहन और पुलिसकर्मियों को आता देख मौके पर मौजूद जुआरी भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया।
बाद में पता चला कि तालाब में कूदने वाला व्यक्ति महेश केंवट, पिता बिहारी लाल केंवट, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम डोमाडीह है, जो घटना के बाद अपने घर वापस नहीं लौटा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू की कार्यप्रणाली को गंभीर लापरवाही मानते हुए 24 नवंबर 2026 को निलंबित कर दिया।
साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी करते हुए प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती