इलेक्ट्रिक तीर लगते ही धू-धू कर जला पूतना का पुतला, जयकारों से गूंजा छै माई माता परिसर
10 नवंबर 2026
अखिलेश द्विवेदी जिला ब्यूरो
महोबा। दीपावली पर्व के बाद जैतपुर के छै माई माता मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय मौनिया मेले का मंगलवार को पूतना वध के साथ समापन हो गया। सूर्यास्त होते ही शाम करीब 5:30 बजे भगवान श्रीकृष्ण ने इलेक्ट्रिक तीर चलाकर पूतना का वध किया। तीर लगते ही पूतना का विशालकाय पुतला धू-धू कर जलने लगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
पूतना वध का दृश्य देखने के लिए जैतपुर सहित अकौना, लमौरा, मंगरौल, मवइया, अजनर, बिहार, रगोली और बछेछर समेत दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पुतला दहन होते ही दर्शकों ने जयकारे लगाए और मेले में उत्साह का माहौल बन गया।
छै माई माता कमेटी के संरक्षक डॉ. सतीश राजपूत ने बताया कि क्षेत्र में कई वर्षों से मौनिया मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न गांवों से आई दिवारी नृत्य की टोलियां अपनी कला का प्रदर्शन करती हैं। कलाकार पारंपरिक पाई-डंडा नृत्य के साथ विभिन्न करतब दिखाकर दर्शकों का मन मोह लेते हैं। दो दिवसीय मेले में लोक संस्कृति और परंपरा की अनूठी झलक देखने को मिलती है।
मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। चौकी प्रभारी मलखान सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।