स्मृति कप 2026 का भव्य समापन, पूछियापाली ने जीता खिताब
खरसिया - शहीद वीर नारायण कॉलेज ग्राउंड, जोबी में जोबी फाइटर्स क्रिकेट टीम के तत्वावधान में आयोजित स्मृति कप 2026 ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की अनेक टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले। ग्रामीण अंचल में आयोजित इस क्रिकेट महाकुंभ ने खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच खास उत्साह का माहौल बनाया।
फाइनल मुकाबले में पूछियापाली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्मृति कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ₹31,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं LMCC नवापारा की टीम उपविजेता रही, जिसे ₹16,000 की पुरस्कार राशि श्री विष्णु राम राठिया (शिक्षक), श्री माया राम राठिया (छत्तीसगढ़ पुलिस) एवं श्री नरोत्तम राठिया (भूतपूर्व सरपंच) द्वारा प्रदान की गई।
तीसरे स्थान पर रही केवाली टीम को ₹9,000 की पुरस्कार राशि श्री झाबर सिंह राठिया एवं श्री रामकिशोर सिदार द्वारा प्रदान की गई, जबकि चौथे स्थान पर रही आड़पथरा टीम को ₹6,000 की पुरस्कार राशि श्री डंकेश्वर राठौर (श्री साईं मेडिकल स्टोर, जोबी) द्वारा प्रदान की गई।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में पारस (आड़पथरा) को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्हें ₹3,000 की पुरस्कार राशि श्री संतोष राठिया (बर्रा) एवं श्री संतोष राठिया (केवाली) द्वारा प्रदान की गई। वहीं फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले रोशन (पूछियापाली) को मैन ऑफ द मैच (फाइनल) का पुरस्कार एवं ₹1,500 की राशि श्री ताम्रध्वज गवेल द्वारा प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए कई आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए थे। रामायण (नवापारा) को बेस्ट बॉलर, सिकंदर (आड़पथरा) को बेस्ट फील्डर, गौतम (मसनिया) को बेस्ट विकेटकीपर तथा केवाली टीम को बेस्ट अनुशासित टीम (फेयर प्ले अवार्ड) से सम्मानित किया गया। इन सभी पुरस्कारों के लिए ₹1,000-₹1,000 की राशि प्रदान की गई। बेस्ट बल्लेबाज के लिए भी ₹1,000 का पुरस्कार रखा गया।
इन पुरस्कारों को प्रायोजित करने वालों में गोविंदा सोनी (अल्ली), कल्याण सिंह राठिया, रजनीश, मनीष एवं विकास कुमार, रूद्र प्रताप सिंह राठिया, सुगम राठिया तथा उमाशंकर राठिया प्रमुख रूप से शामिल रहे। वहीं बेस्ट दर्शक पुरस्कार के लिए ₹500-₹500 की राशि भी प्रदान की गई।
टूर्नामेंट के दौरान अपनी दमदार और रोमांचक प्रस्तुति से दर्शकों को बांधे रखने वाले बी. डी. चौहान एवं अंकित राठिया को बेस्ट कमेंट्री अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। दोनों कमेंटेटरों की शानदार कमेंट्री ने पूरे टूर्नामेंट के रोमांच को और अधिक बढ़ा दिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष नकद पुरस्कार भी रखे गए थे। सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज, शतक लगाने वाले खिलाड़ी, एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाने वाले बल्लेबाज, हैट्रिक विकेट लेने वाले गेंदबाज, चौका-छक्का लगाने वाले खिलाड़ियों तथा मैदान के बाहर कैच पकड़ने वाले दर्शकों को भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में गजेंद्र गोयल (महामंत्री युवा मंच जोबी मंडल) द्वारा ₹3,000, कुलदीप राठिया द्वारा ₹2,000, आनंद निषाद द्वारा ₹1,000 तथा बबलू राठिया द्वारा सभी आकर्षक पुरस्कारों के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया गया। वहीं प्रतियोगिता की समस्त ट्रॉफियां बृजेश राठिया एवं भानुविजय द्वारा उपलब्ध कराई गईं। सभी मैचों के मैन ऑफ द मैच पुरस्कार राज स्पोर्ट्स खरसिया द्वारा तथा स्टंप एवं बॉल की व्यवस्था सिद्धांत राठिया (CISF) द्वारा की गई।
ग्रामीण स्तर पर इतने व्यवस्थित, अनुशासित और भव्य क्रिकेट आयोजन के लिए जोबी फाइटर्स क्रिकेट टीम एवं आयोजन समिति की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद समिति ने जिस उत्कृष्ट ढंग से प्रतियोगिता का संचालन किया, वह सराहनीय है। खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं, निष्पक्ष अंपायरिंग, आकर्षक पुरस्कार व्यवस्था और दर्शकों के लिए शानदार माहौल ने इस प्रतियोगिता को क्षेत्र के सबसे सफल आयोजनों में शामिल कर दिया।
स्मृति कप 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल ऐसे मंचों की है जो खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दें। जोबी फाइटर्स समिति का यह प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और ग्रामीण क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।