42 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी जीवन लाल यादव सेवानिवृत्त
42 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी जीवन लाल यादव सेवानिवृत्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कुटेला निवासी श्री जीवन लाल यादव, जो पशुपालन विभाग में सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, 31 मई 2026 को अपनी लंबी एवं गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं सम्मान समारोहों का आयोजन किया गया। श्री यादव की प्रथम नियुक्ति 20 जून 1984 को बोंदा में हुई थी। इसके बाद उन्होंने विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देते हुए पशुपालकों एवं ग्रामीणों के बीच एक कर्मठ, सरल एवं जनहितैषी अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई। अपनी सेवा के अंतिम चरण में वे भेड़वन में पदस्थ थे, जहां से उन्होंने 31 मई 2026 को सेवानिवृत्ति ग्रहण की सेवानिवृत्ति के अवसर पर श्री यादव द्वारा सामाजिक सेवा का संदेश देते हुए प्रांजल स्कूल में बच्चों को फल एवं कोल्ड्रिंक्स का वितरण किया गया। इसके साथ ही सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों को भी फल एवं कोल्ड्रिंक्स वितरित कर उनका सम्मान किया गया। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति उनकी संवेदनशील सोच का परिचायक बताया। शाम को आयोजित स्वागत समारोह में उनके परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं वार्डवासियों ने श्री यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके 42 वर्षों के समर्पित, ईमानदार एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्री जीवन लाल यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान पशुपालकों की समस्याओं के समाधान और पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार और जनसेवा की भावना हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उपस्थित लोगों ने श्री यादव को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।