-->
हल्की हवा में ही अंधेरे में डूब रहा लोढ़ाझर क्षेत्र! 4–5 दिनों से लगातार बिजली गुल, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल

हल्की हवा में ही अंधेरे में डूब रहा लोढ़ाझर क्षेत्र! 4–5 दिनों से लगातार बिजली गुल, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल







खरसिया — लोढ़ाझर बिजली सब स्टेशन की लापरवाही और लगातार बिजली कटौती से आसपास के गांवों में लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। पिछले 4–5 दिनों से क्षेत्रवासी रात-रात भर जागने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की सी हवा चलते ही बिजली गुल हो जाती है और पूरी रात अंधेरे में गुजरती है। भीषण गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली पर अतिरिक्त लोड होना स्वाभाविक है, लेकिन हल्की हवा में ही घंटों बिजली बंद हो जाना सब स्टेशन की बदहाल व्यवस्था और रखरखाव की पोल खोल रहा है। कई गांवों में पानी की समस्या भी गहरा गई है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से मोटर और पंप बंद पड़े रहते हैं।

लोगों ने बताया कि कई बार रात भर बिजली गायब रहती है और अचानक सुबह 4 बजे सप्लाई शुरू होती है। इससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगड़ गई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि बिजली बिल समय पर वसूला जाता है, लेकिन सुविधा के नाम पर सिर्फ अंधेरा और परेशानी मिल रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मौसम साफ रहने के दौरान ही बिजली लाइनों और पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य किया जाए ताकि हल्की हवा में फाल्ट की स्थिति पैदा न हो। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ सकता है।

क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग और उच्च अधिकारियों से तत्काल व्यवस्था सुधारने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लोढ़ाझर सब स्टेशन की तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग की है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article