डीजल संकट से जनता परेशान : पूरी मात्रा में ईंधन नहीं मिलने से किसानों की बढ़ी चिंता, हंस पूल्स पेट्रोल पंप में लगी लंबी कतारें
26 मई 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा, मुडापारा
लैलूंगा/रायगढ़।
नवतपा की भीषण गर्मी के बीच लैलूंगा विकासखंड के मुडापारा स्थित हंस पूल्स पेट्रोल पंप में डीजल संकट गहराता नजर आ रहा है। मंगलवार 26 मई 2026 को सुबह से ही डीजल एवं पेट्रोल लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। किसान अपने ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल एवं अन्य वाहनों के साथ लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिलने से किसान एवं आम जनता परेशान नजर आई।
सुबह से ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान डीजल लेने पेट्रोल पंप पहुंचने लगे थे। देखते ही देखते पूरा पेट्रोल पंप परिसर वाहनों से भर गया और ट्रैक्टरों की कतार मुख्य सड़क तक पहुंच गई। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कई किसानों ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें पूरी मात्रा में डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मुडापारा-कमरगा मुख्य मार्ग पर जाम जैसे हालात निर्मित हो गए। सड़क किनारे बड़ी संख्या में ट्रैक्टर एवं अन्य वाहन खड़े रहने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। राहगीरों एवं अन्य वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस प्रकार की भीड़ और डीजल के लिए इतनी लंबी कतारें पहले कभी देखने को नहीं मिली थीं।
नागर जोताई एवं खेती-किसानी का सीजन शुरू होते ही क्षेत्र में डीजल की मांग तेजी से बढ़ गई है। किसान इन दिनों खेतों की जुताई, बुवाई एवं अन्य कृषि कार्यों में व्यस्त हैं। ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों के संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, लेकिन पेट्रोल पंप में सीमित मात्रा में ईंधन दिए जाने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल पंप प्रबंधन द्वारा अधिक से अधिक लोगों को ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी वाहनों को कम मात्रा में डीजल एवं पेट्रोल दिया जा रहा था। इसके बावजूद कई किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल पाया। किसानों ने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में डीजल की कमी उनके लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं हुआ तो खेतों की जुताई एवं बुवाई प्रभावित हो सकती है। इससे कृषि उत्पादन पर भी असर पड़ने की संभावना है। किसानों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डीजल संकट के कारण खेती का पूरा कार्य प्रभावित हो सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पेट्रोल पंप में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग तेज धूप में घंटों लाइन में लगे रहे और अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। कई किसानों एवं वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों में पर्याप्त मात्रा में डीजल एवं पेट्रोल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों एवं आम जनता को राहत मिल सके।
स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर डीजल संकट की स्थिति को सामान्य बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि खेती-किसानी पूरी तरह ईंधन पर निर्भर है और यदि समय पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं होगा तो किसानों की मेहनत और उत्पादन दोनों प्रभावित होंगे। फिलहाल हंस पूल्स पेट्रोल पंप में डीजल एवं पेट्रोल के लिए लोगों की भीड़ लगातार बनी हुई है और लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।