-->
खाद माफियाओं को खुली चेतावनी किसानों के हक पर डाका डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई   एसडीएम प्रवीण तिवारी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, सोसायटियों और निजी विक्रेताओं को दिए सख्त निर्देश

खाद माफियाओं को खुली चेतावनी किसानों के हक पर डाका डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई एसडीएम प्रवीण तिवारी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, सोसायटियों और निजी विक्रेताओं को दिए सख्त निर्देश









खरसिया। खरीफ सीजन के आगमन के साथ किसानों को खाद-बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र प्रकाश गवेल, क्षेत्र की सहकारी समितियों के अध्यक्ष, प्रबंधक, कृषि विभाग के अधिकारी तथा निजी खाद विक्रेता उपस्थित रहे।




बैठक के दौरान एसडीएम प्रवीण तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना पड़े या किसी प्रकार की कृत्रिम कमी पैदा की जाए, यह किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सोसायटियों एवं निजी खाद विक्रेताओं को पारदर्शी व्यवस्था अपनाने तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन का सख्त रुख

एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी दुकान या समिति द्वारा खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूले जाने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विक्रेताओं को प्रतिदिन स्टॉक एवं मूल्य सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।






किसानों को नहीं होने देंगे परेशान  रविन्द्र प्रकाश गवेल


जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र प्रकाश गवेल ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और खेती के महत्वपूर्ण समय में उन्हें खाद के लिए परेशान होना पड़े, यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सभी समितियों और निजी विक्रेताओं से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


सोसायटी प्रबंधकों ने रखीं जमीनी समस्याएं


बैठक में विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्षों और प्रबंधकों ने खाद भंडारण, उठाव और वितरण से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं निजी खाद विक्रेताओं को अपने स्टॉक की नियमित जानकारी कृषि विभाग को उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बिक्री का पक्का बिल जारी करने के निर्देश दिए गए।

किसानों को मिलेगी राहत, व्यवस्था होगी पारदर्शी

बैठक के बाद यह स्पष्ट संकेत मिला है कि इस खरीफ सीजन में खरसिया क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। प्रशासन की सख्ती से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है, वहीं कालाबाजारी और जमाखोरी पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने की संभावना है।

खरसिया प्रशासन की इस पहल को किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article