जशपुर पुलिस की अनोखी पहल : सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए शुरू हुई “रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता”
जशपुर। सड़क सुरक्षा और हेलमेट पहनने के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा जिलेवासियों के लिए एक अनोखी “रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रैफिक नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को हेलमेट पहनकर सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश देते हुए रील एवं सेल्फी बनानी होगी। जशपुर पुलिस ने थीम रखा है — “हेलमेट लगाएं, सुरक्षित रहें – सड़क सुरक्षा, लाइफ सेफ्टी”। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, हेलमेट एवं 3 लीटर पेट्रोल देकर सम्मानित किया जाएगा।
“बेस्ट रील विनर” श्रेणी में प्रथम पुरस्कार ₹2001, द्वितीय ₹1001 एवं तृतीय ₹501 रखा गया है। वहीं “बेस्ट सेल्फी विनर” को प्रथम ₹1001, द्वितीय ₹501 एवं तृतीय ₹301 पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को हेलमेट के साथ 3 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा।
प्रतिभागियों को अपनी रील बनाकर जशपुर पुलिस के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल @jashpur_district_police के साथ Collaborate करना होगा। प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा प्रत्येक रविवार को की जाएगी।
जशपुर पुलिस की यह पहल युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग को भी बढ़ावा दे रही है। पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी युवाओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
बी डी चौहान की खास रिपोर्ट
ब्यूरो चीफ जिला सक्ती
7999522679