नवतपा में भीषण गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, मोबाइल संदेशों के नियमों का पालन करने की अपील
28 मई 2026
रिपोर्टर : अर्चना मिश्रा
साइंस वाणी, मैहर
मैहर जिले सहित पूरे प्रदेश में नवतपा के दौरान भीषण गर्मी और तेज लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान में हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रवासियों को मोबाइल संदेशों के माध्यम से विशेष अलर्ट जारी किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी दिशा-निर्देशों एवं सावधानियों का गंभीरता से पालन करें।
प्रशासन द्वारा भेजे जा रहे मोबाइल अलर्ट में नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने, हल्के एवं सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नवतपा के दौरान लू लगने और डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे अधिक रहता है। ऐसे में लोगों को नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए।
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत स्तर पर मुनादी एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं नगर क्षेत्र में भी विभिन्न माध्यमों से लोगों को गर्मी से बचाव संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने किसानों एवं मजदूरों से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय खेतों और खुले स्थानों में लंबे समय तक कार्य करने से बचें। अत्यधिक आवश्यक होने पर छाया में आराम करते रहें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
इसके अलावा पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान बेजुबान जीवों को भी पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है, इसलिए घरों और दुकानों के बाहर पानी से भरे बर्तन रखना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम विभाग द्वारा लगातार गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की जा रही है। ऐसे में नागरिक यदि सावधानी और सतर्कता बरतें तो गर्मी से होने वाली परेशानियों और बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
मैहर जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी मोबाइल अलर्ट एवं स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें।