अमदरा थाना क्षेत्र के ढाबों में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार की चर्चा, जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल*
30 मई 2026
श्री निवास मिश्रा मैहर
सूत्रों के अनुसार मैहर जिले के अमदरा क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे संचालित कुछ ढाबों पर अवैध रूप से डीजल, पेट्रोल तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारोबार की चर्चाएं लंबे समय से बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन हो या रात, हाईवे किनारे कुछ स्थानों पर खुलेआम ईंधन की खरीद-फरोख्त की जा रही है, जिससे सुरक्षा और राजस्व दोनों पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि टैंकरों से ईंधन की अवैध निकासी कर उसे कम कीमत पर बेचे जाने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं।
वहीं कुछ लोगों का दावा है कि पेट्रोल में अन्य पदार्थों की मिलावट कर बिक्री किए जाने की भी आशंका है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारों का कहना है कि हाईवे किनारे बड़ी मात्रा में ड्रमों में ईंधन का भंडारण न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। पूर्व में भी अवैध ईंधन भंडारण और परिवहन से जुड़े मामलों में कार्रवाई की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद यदि गतिविधियां जारी हैं तो यह जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन, खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस तथा संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण करें तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। क्षेत्रवासियों ने नवागत मैहर कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के हवाले से उठ रहे सवाल यह हैं कि यदि अवैध कारोबार नहीं हो रहा, तो इसकी शिकायतें बार-बार क्यों सामने आ रही हैं? और यदि हो रहा है, तो जिम्मेदार विभागों की नजर अब तक वहां क्यों नहीं पहुंची?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और हाईवे किनारे कथित अवैध ईंधन कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।