बतरा डैम में नाव पलटने से हादसा: 15 घंटे बाद 2 ग्रामीण का शव बरामद, 1 की तलाश जारी
23 जून 2026
देर रात मछली पकड़ने गए थे नौ ग्रामीण, नाव का संतुलन बिगड़ने से हुआ
हादसा
बरौल सूरजपुर जिले के बतरा डैम में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों के साथ बड़ा हादसा हो गया। सोमवार देर रात करीब 2 बजे नौ ग्रामीण एक नाव में सवार होकर डैम में मछली पकड़ने निकले थे। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। हादसे में छह ग्रामीण तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीन ग्रामीण गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं करंजी पुलिस चौकी तथा जिला आपदा मोचन बल (DDRF) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 13 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एक ग्रामीण का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य ग्रामीणों की तलाश लगातार जारी है।
समय लाल,जगलाल का शव मिला, एक ग्रामीण अब भी लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार डूबने वाले ग्रामीणों में समय लाल (ग्राम राई), जगलाल (ग्राम राई) और कंवल साय (ग्राम ऊंचडीह) शामिल थे। रेस्क्यू टीम ने समय लाल, जगलाल का शव बरामद कर लिया है। वहीं कंवल साय की खोज के लिए डैम में लगातार सर्चिंग की जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद मछली पकड़ने पहुंचे थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक बतरा डैम में पूर्व में मछली पालन का ठेका दिया गया था। लीज अवधि समाप्त होने के बाद डैम में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद कुछ ग्रामीण रात के समय चोरी-छिपे जाल बिछाकर मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान नाव का बैलेंस बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
छह ग्रामीण सुरक्षित बाहर निकले
हादसे के दौरान लालजी, विजय प्रसाद, वेद कुमार, कामेश्वर, होल्डर और राजकुमार किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। सभी ग्रामीण राई, भैयाथान और उचडीह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
क्षेत्र में पसरा मातम, परिजनों की बढ़ी चिंता
पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है तथा डैम में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण लापता एक व्यक्तियों के जल्द पता चलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान को तेज कर दिया गया है।