-->
विकसित भारत 2047 के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी, भैयाथान में कार्यशाला आयोजित

विकसित भारत 2047 के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी, भैयाथान में कार्यशाला आयोजित

24 जून की ग्राम सभाओं में होगी व्यापक चर्चा, पीएम आवास योजना ग्रामीण 2.0 और ग्रामीण विकास योजनाओं की दी गई जानकारी

  बरौल। जनपद पंचायत भैयाथान के सभाकक्ष में शुक्रवार को विकसित भारत 2047, VB-G RAM G एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 विषय पर कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती चांदनी कंवर एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों तक पहुंचाना तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री महिला मोर्चा नेहा तिवारी, जनपद सदस्य महेंद्र सिंह मार्को सहित संतलाल प्रजापति, जयप्रकाश यादव, सौरभ, लालचंद शर्मा, अमन प्रताप सिंह, शिवसरन पैकरा एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, रोजगार सहायक तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को "12 साल बेमिसाल" बताते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घर-घर शौचालय निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है। जनधन योजना के जरिए करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया तथा डिजिटल इंडिया अभियान ने देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति, जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाने तथा गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि आगामी 24 जून को आयोजित ग्राम सभाओं में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी। ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं, सुशासन, डिजिटल सशक्तिकरण, पारदर्शिता, जल संरक्षण, आधारभूत संरचना विकास एवं रोजगार के नए अवसरों पर ग्रामीणों से सुझाव लिए जाएंगे। VB-G RAM G योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
कार्यशाला में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के संबंध में पात्र हितग्राहियों की पहचान, चयन प्रक्रिया एवं योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को ग्राम स्तर तक पहुंचाने तथा 24 जून को होने वाली ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि "गांव का विकास ही देश का विकास है और विकसित भारत 2047 की यात्रा गांवों से होकर ही आगे बढ़ेगी।"

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article