स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रतिदिन 365 दिन योग करें : विजय बघेल
स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रतिदिन 365 दिन योग करें : विजय बघेल
भिलाई/दुर्ग।आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) एवं आई एम सूर्या फाउंडेशन द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी 32 जिलों में एक माह तक व्यापक योग जनजागरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 1 जून से 21 जून तक लगातार 175 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास आयोजित कर लगभग 11,500 लोगों को योग से जोड़ा गया। इस उपलब्धि के साथ आईएनओ ने छत्तीसगढ़ में एक साथ सर्वाधिक लोगों को योगाभ्यास कराने का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया।
प्रदेश महासचिव मनोज ठाकरे ने बताया कि आयुष मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुरूप प्रदेशभर में वृद्धाश्रम, केंद्रीय जेल, अग्निशमन विभाग, नगर सेवा विभाग, उद्योगों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन 45 मिनट का कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) कराया गया। प्रशिक्षित योग शिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों के साथ उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत बिरादर के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में 180 योग आयोजकों का पंजीयन कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सभी आयोजकों को योग दिवस के लिए टी-शर्ट, प्रमाण-पत्र तथा प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई। पिछले 12 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जनस्वास्थ्य और समग्र कल्याण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है तथा इस वर्ष भी आयुष मंत्रालय द्वारा देशभर में "100 काउंटडाउन कार्यक्रम" आयोजित किए गए।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के लगभग 18 वृद्धाश्रमों में विशेष योग शिविर लगाए गए, जहां 725 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को भुजंगासन, कपालभाति, भ्रामरी, ताड़ासन, पदहस्तासन, भद्रासन, त्रिकोणासन, वक्रासन सहित अनेक योगाभ्यास कराए गए तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय एवं जिला कारागारों में महिला एवं पुरुष बंदियों के लिए भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। योग प्रशिक्षकों ने मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बस्तर, कांकेर, बालोद, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, डोंगरगढ़ सहित अनेक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित योग कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश का सबसे प्रमुख आयोजन भिलाई के हृदय स्थल पायनियर स्मारक परिसर में हुआ, जहां इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन छत्तीसगढ़ द्वारा विशाल सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल एवं वरिष्ठ उद्योगपति उमेश चितलांगिया ने किया। अतिथियों का संगठन की ओर से स्वागत किया गया।
मुख्य योग प्रशिक्षिका ममता साहू, सह प्रशिक्षिका मीरा सिंह तथा आचार्य जितेंद्र साहू ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया। प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए विद्यार्थियों, योग साधकों एवं नागरिकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य समाज के विद्वान डॉ. अजय आर्य ने कहा कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा से प्राप्त योग आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। वहीं सांसद विजय बघेल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष के 365 दिन नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना ले तो अनेक बीमारियों से बचते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा आयुष मंत्रालय की ओर से ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। वरिष्ठ उद्योगपति उमेश चितलांगिया ने सभी योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के उपरांत दुर्ग साइंस कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन एवं योग कौशल का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्राकृतिक अंकुरित आहार, ताजे फल तथा शीतल आम पना का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन नीता चौरसिया ने किया, जबकि भिलाई इस्पात संयंत्र के हॉर्टिकल्चर विभाग एवं नगर निगम भिलाई के प्रति आभार ममता उगले ने व्यक्त किया।
योग महोत्सव की सफलता में बालूराम वर्मा, प्रशांत क्षीरसागर, ओपी चौधरी, ममता साहू, मधु पडा, आरती शर्मा, बिसेन, आचार्य अंकित शास्त्री, विनोद राय, डॉ. प्रमोद नामदेव, किशोर कन्नौजे, डॉ. निर्मला गुप्ता, डॉ. मेघराज साहू, योग थैरेपिस्ट भूपेश साहू, भास्कर, संगीता लहरी, हिमांशु साहू सहित अनेक योग प्रशिक्षकों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, उमेश चितलांगिया, डॉ. अजय आर्य, पांडे, सेवानिवृत्त जीएम पाठक, डॉ. लक्ष्यपद नंदूरकर, रविंद्र पाटील, किशोर कन्नौजे, भगवानदास, रामलाल, जितेंद्र साहू, मनोज ठाकरे, डॉ. प्रमोद नामदेव, विनोद राय, राजेंद्र सुनगरिया सिंह सहित महर्षि दयानंद आर्य विद्यालय, डीएवी इंग्लिश मीडियम स्कूल सेक्टर-2, एसएनजी स्कूल सेक्टर-4, गुरु नानक इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा अनेक सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर योग महोत्सव को सफल बनाया।


