-->
रिहायशी इलाके में घुसे दो हाथी, ग्रामीणों ने घेरा; दहशत के बीच घंटों फंसे रहे वन्यजीव, वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील

रिहायशी इलाके में घुसे दो हाथी, ग्रामीणों ने घेरा; दहशत के बीच घंटों फंसे रहे वन्यजीव, वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील



साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ प्राप्त जानकारी के अनुसार:-रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत छर्राटांगर के डोकरबुड़ा गॉव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो जंगली हाथी अचानक रिहायशी इलाके में पहुंच गए। हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। भीड़ ने अनजाने में हाथियों को चारों ओर से घेर लिया, जिससे दोनों वन्यजीव बीच बस्ती और खेत-खलिहानों के पास घंटों फंसे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी बाहर निकलने की लगातार कोशिश करते रहे, लेकिन चारों तरफ मौजूद भीड़ और शोर-शराबे के कारण वे असमंजस की स्थिति में इधर-उधर भटकते रहे। इस दौरान किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही और पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त रहा।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाने की समझाइश दी और भीड़ को पीछे हटाकर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर निकालने का प्रयास शुरू किया। वन अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से घरघोड़ा और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। इससे पहले भी हाथियों के गांवों और खेतों में पहुंचने से फसलों का नुकसान हो चुका है और कई हादसे भी सामने आ चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में लगातार दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं, भीड़ न लगाएं और किसी भी प्रकार की उकसावे वाली गतिविधि से बचें। अधिकारियों का कहना है कि सतर्कता और संयम से ही मानव और वन्यजीव, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

हेमंत कुमार टंडन 
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़ छत्तीसगढ़

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article