सरिया पुलिस ने 41.810 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार
सरिया पुलिस ने 41.810 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून। जिले की सरिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41 किलो 810 ग्राम गांजा, एक सफेद रंग की बलेनो कार तथा एक ओप्पो स्मार्ट मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर एक बलेनो कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP 90 R 3416 को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से प्लास्टिक टेप से लिपटे 40 पैकेटों में 41.810 किलो गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक राय (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमरहट, थाना सरायलखनसी, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना सरिया में अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, थाना स्टाफ एवं साइबर सेल सारंगढ़ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।