आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लिबरा के 5 वर्ष पूर्ण, सहकारी सप्ताह के तहत ध्वजारोहण एवं किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
29 जून 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
लैलूंगा (रायगढ़)। विकासखंड लैलूंगा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लिबरा के स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार, 29 जून 2026 को समिति कार्यालय में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम एवं सहकारी सप्ताह के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं किसान बंधुओं ने ध्वज को सलामी देकर राष्ट्रगान गाया तथा देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया।
इसके पश्चात आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता की भावना को सशक्त बनाने तथा किसानों को शासन की विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को कृषि ऋण, खाद-बीज वितरण, समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन तथा अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
समिति के अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी समितियां किसानों की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार हैं। उन्होंने किसानों से समिति के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित बैंक अधिकारियों ने किसानों को बैंकिंग सेवाओं, कृषि ऋण, वित्तीय सहायता एवं समय पर ऋण अदायगी के महत्व की जानकारी दी। समिति के अधिकारियों ने समिति की उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुकडेगा मंडल अध्यक्ष संजय पटेल, ज्योति भगत, मनोज सत्पथी एवं ललित यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए किसानों से सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने, शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा कृषि विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सभी अतिथियों एवं किसान बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, सहयोग एवं किसान हितैषी संदेशों से ओत-प्रोत रहा।