पखवाड़े भर से लापता युवक का शव कुएं में मिला, क्षेत्र में फैली सनसनी
06 जून 2026
बरौल । करंजी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत केनापारा-बरापारा में एक युवक का शव खेत के कुएं से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव काफी दिनों पुराना और सड़ी-गली अवस्था में मिलने के कारण ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर करंजी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव की पहचान होने पर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केनापारा निवासी रामकुमार राजवाड़े ने करंजी पुलिस को सूचना दी कि उनके खेत स्थित कुएं में एक युवक का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही करंजी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव कई दिनों पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।
मौके पर पुलिस ने चिकित्सक को बुलाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के गांवों के लोगों और परिजनों को बुलाया। काफी प्रयासों के बाद मृतक की पहचान ग्राम खोपा निवासी जयप्रकाश राजवाड़े के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार जयप्रकाश राजवाड़े पिछले करीब पंद्रह दिनों से लापता था। बताया जा रहा है कि वह शराब सेवन का आदी था और कुछ समय से अपनी विधवा बहन के घर रह रहा था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी बीच खेत के कुएं में शव मिलने की सूचना ने पूरे मामले से पर्दा उठाया।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के बीच विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी तरह की आशंका या निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
करंजी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत दुर्घटनावश कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।