-->
ग्राम पंचायत गहनाझरिया में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से की जांच की मांग

ग्राम पंचायत गहनाझरिया में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से की जांच की मांग


संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा 

लैलूंगा/रायगढ़
जनपद पंचायत लैलूंगा अंतर्गत ग्राम पंचायत गहनाझरिया में विकास कार्यों के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने सरपंच एवं सचिव पर पंचायत निधि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए एसडीएम लैलूंगा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट स्थापना, पंचायत भवन मरम्मत, बोर एवं हैंडपंप मरम्मत, नाली निर्माण, रंग-रोगन तथा अन्य विकास कार्यों में लाखों रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि कई कार्यों की वास्तविक स्थिति पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई कार्य कागजों में पूर्ण दिखाए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं देते।
ग्रामीणों ने पंचायत भवन मरम्मत कार्य में भी अनियमितता की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि भवन में केवल सामान्य रंग-रोगन एवं सीमित मरम्मत कार्य ही दिखाई देता है।
इसी प्रकार ग्रामीणों ने नल-जल योजना की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि गांव में पानी टंकी का निर्माण होने के बावजूद अधिकांश घरों तक नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए। साथ ही मस्टर रोल, बिल-वाउचर, माप पुस्तिका (एमबी) तथा भुगतान संबंधी अभिलेखों की भी जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए।
मामले में लगाए गए आरोप फिलहाल जांच के विषय हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है। ग्रामीणों को अब निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का इंतजार है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article