विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग का आह्वान: जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ, सुंदर और हरित खरसिया
खरसिया। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नगर पालिका परिषद खरसिया द्वारा श्री लखीराम ऑडिटोरियम में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) 2026 के दिशा-निर्देशों, उद्देश्यों एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से व्यापक चर्चा की गई। नगर में जन-जागरूकता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए 18 वार्डों में कुल 56 मोहल्ला समितियों का गठन किया गया है। इसी अभियान के तहत आयोजित विशेष सेमिनार में नागरिकों, स्व-सहायता समूह (SHG) की दीदियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
सेमिनार में चार प्रकार के डस्टबिन—गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी कचरा एवं ई-वेस्ट—के पृथक्करण और उनके उचित उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही घरों से ही कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक तरीके से उसके निपटान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि "खरसिया बनेगा नंबर-1" और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने, घर-घर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता और जन-सहयोग से ही खरसिया को स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध नगर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पार्षदगण, SHG दीदियां, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की शपथ ली तथा स्वच्छता को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम खरसिया को स्वच्छता की नई पहचान दिलाने और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


