शाला प्रवेश उत्सव में बी. डी. चौहान की बड़ी घोषणा, दो जरूरतमंद बच्चों को दी जाएगी निःशुल्क शिक्षा
सक्ती- सक्ती जिले के ग्रामीण क्षेत्र में संचालित अंबेडकर पब्लिक स्कूल, मसनिया कला में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईश्वरी भास्कर एवं सरिता साहू रहे। अतिथियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने का आग्रह किया।
विद्यालय के संचालक बी. डी. चौहान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक शिव चौहान तथा शिक्षिकाएं दीनू साहू, निकिता चौहान, पूनम साहू एवं सविता जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक बी. डी. चौहान ने एक सराहनीय एवं मानवीय पहल करते हुए दो ऐसे बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की घोषणा की, जिनके पिता का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था। उन्होंने कहा कि आर्थिक एवं पारिवारिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। विद्यालय परिवार सदैव जरूरतमंद एवं असहाय बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग करता रहेगा। इस घोषणा की उपस्थित जनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों में नए शिक्षा सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।