नगर पंचायत सारागांव में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
सारागांव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2026 को नगर पंचायत सारागांव द्वारा वार्ड क्रमांक 01 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।