प्राथमिक शाला नवामुड़ा में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत
17 जून 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस न्यूज़ लैलूंगा
लैलूंगा/रायगढ़। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर ग्राम नवामुड़ा स्थित प्राथमिक शाला नवामुड़ा में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास, जनसहभागिता एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्रामवासियों, पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत लमडांड के सरपंच कंशराम प्रजा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चमरा राम प्रधान, पी.आर. सतपथी एवं बी.एम. सदावर्ती उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष जोसफ बड़ा ने की। विद्यालय के प्रधान पाठक नन्द किशोर सतपथी ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ हुआ। वक्ताओं ने शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने की सीख दी। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों को पगड़ी एवं पुष्पमाला पहनाकर, चंदन तिलक लगाते हुए तथा लड्डू खिलाकर उनका अभिनंदन किया। वहीं शाला विकास समिति की उपाध्यक्ष इमरेंसिया बड़ा एवं कमला एक्का ने विद्यार्थियों की आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर उत्सवमय माहौल से गूंज उठा।
विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शासन द्वारा प्रदत्त निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। साथ ही प्रधान पाठक नन्द किशोर सतपथी द्वारा बच्चों को कॉपी, पेन, टाई, बेल्ट एवं बैज प्रदान किए गए। बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण शाला विकास समिति द्वारा आयोजित सामूहिक न्योता भोज रहा। सभी विद्यार्थियों, अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के लिए खीर एवं पूड़ी की व्यवस्था की गई। अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और उनके उत्साह में सहभागी बने।
इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक दयाराम बेहरा ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन में सहायक शिक्षक वेद प्रकाश डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में शिक्षाविद् सेम खलखो, पंच वंदना खलखो, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जसिंता किंडो, स्वास्थ्य मितानिन, शाला विकास समिति के सदस्य, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों के उत्साह, जनसहभागिता और शिक्षा के प्रति जागरूकता के साथ शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।