कानून-व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अग्रणी भटगांव पुलिस, पौधारोपण कर पेश की मिसाल
कानून-व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अग्रणी भटगांव पुलिस, पौधारोपण कर पेश की मिसाल
*थाना प्रभारी के नेतृत्व में समस्त स्टाफों ने फलदार व छायादार वृक्षरोपण किया*
सारंगढ़-बिलाईगढ़,विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भटगांव पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए थाना परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया। थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में समस्त पुलिस स्टाफों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता भी है।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान में पुलिस स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और हरियाली बढ़ाने के संकल्प को दोहराया। भटगांव पुलिस की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने भी सराहते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक सरोकारों में भी पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।