खरसिया का बेटा बना छत्तीसगढ़ का सरताज: CG PET 2026 में रिजित कुमार राठौर ने पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
खरसिया। नगर के वार्ड क्रमांक 6, पनखतिया तालाब पार निवासी रिजित कुमार राठौर ने छत्तीसगढ़ प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (CG PET) 2026 में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर खरसिया का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया है। रिजित की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।
कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर रिजित ने हजारों प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में टॉप रैंक हासिल की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे खरसिया और रायगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है।
रिजित की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। छोटे शहर और साधारण परिवेश से निकलकर भी युवा अपनी मेहनत के बल पर बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
नगरवासियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने रिजित कुमार राठौर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।