जोंगरा हत्याकांड: कांग्रेस नेता धनंजय बायल और संजय चौहान ने SP से मिलकर की सख्त कार्रवाई की मांग*
सक्ती। सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में 27 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की घर में घुसकर गोली मारकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में शोक, आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के जिला उपाध्यक्ष धनंजय बायल एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान तत्काल जोंगरा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है तथा न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी।
इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से घर में घुसकर एक युवती की गोली मारकर हत्या की गई है, वह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच हर पहलू से की जाए तथा इस जघन्य हत्याकांड के पीछे यदि कोई साजिश या अन्य कोण हैं तो उनकी भी गहन जांच की जाए।
इस अवसर पर कोटवार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मेहत्तर सिंह चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाने की मांग की।
गौरतलब है कि पूर्णिमा चौहान की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।