-->
कक्षा 11वीं की छात्राएं बनेंगी 'ग्रीन ट्रेनर': पीएमश्री सेजेस बतरा में सीखा सीड बॉल बनाने का हुनर

कक्षा 11वीं की छात्राएं बनेंगी 'ग्रीन ट्रेनर': पीएमश्री सेजेस बतरा में सीखा सीड बॉल बनाने का हुनर


 

यूथ एंड ईको क्लब की पहल, अब सिद्धि, चारु, महजबी और तरंग अन्य विद्यार्थियों को देंगी प्रशिक्षण; बारिश में खाली जमीन पर फेंके जाएंगे हजारों बीज 


पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) बतरा के यूथ एंड ईको क्लब द्वारा सीड बॉल (Seed Ball) निर्माण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस पहल के तहत कक्षा 11वीं की छात्राओं को सीड बॉल बनाने की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रक्रिया सिखाई गई। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये छात्राएं विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षित करेंगी, ताकि अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर वर्षाकाल में उनका उपयोग पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने के लिए किया जा सके।

यूथ एंड ईको क्लब की प्रभारी व्याख्याता फातिमा सोगरा ने छात्राओं को बताया कि सीड बॉल मिट्टी, गोबर की खाद और विभिन्न प्रजातियों के बीजों को मिलाकर तैयार की जाती है। इन बॉल्स को सूखाकर वर्षा ऋतु में बंजर भूमि, जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों तथा खाली स्थानों पर फेंक दिया जाता है। बारिश का पानी मिलने पर बीज स्वतः अंकुरित होकर पौधों में विकसित हो जाते हैं। यह तकनीक कम लागत में अधिक पौधे तैयार करने का सरल और प्रभावी माध्यम मानी जाती है।

प्रशिक्षण में कक्षा 11वीं की छात्राएं सिद्धि सिंह, चारु बघेल, महजबी तथा तरंग राजवाड़े ने पूरे उत्साह के साथ सीड बॉल तैयार करना सीखा। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी यह तकनीक सिखाकर बड़े स्तर पर सीड बॉल तैयार करेंगी और पर्यावरण संरक्षण अभियान को जनभागीदारी का रूप देंगी।

कार्यक्रम के समन्वयक अमजद अली ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए ऐसे नवाचार समय की आवश्यकता हैं। यदि विद्यार्थी अभी से प्रकृति संरक्षण के कार्यों से जुड़ेंगे तो भविष्य में वे समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनेंगे।

प्रधान पाठिका अंजना जायसवाल ने कहा कि विद्यालय में संचालित यूथ एंड ईको क्लब विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इस प्रकार की गतिविधियां उन्हें व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें प्रकृति और समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी इस अभियान से जुड़ेंगे और तैयार किए गए सीड बॉल वर्षा ऋतु के दौरान विभिन्न स्थानों पर डालकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प निभाएंगे।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article