पौधों से जुड़ेगा भविष्य: 'प्लानेट हीलर्स' मिशन से तैयार होंगे ग्रीन लीडर्स
पीएमश्री सेजेस बतरा की अनूठी पहल, हर माह पर्यावरण संरक्षण और लाइफ स्किल्स पर होंगी गतिविधियां
पर्यावरण संरक्षण को विद्यार्थियों के व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाने की दिशा में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) बतरा में 'प्लानेट हीलर्स' मिशन की शुरुआत की गई। यूथ एवं ईको क्लब की इस पहल का शुभारंभ पौधरोपण अभियान से हुआ। अभियान के तहत वर्षभर पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर और जीवन कौशल विकास से जुड़ी नियमित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और नेतृत्व क्षमता से संपन्न नागरिक के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य गोवर्धन सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बत्रा के सरपंच आनंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ पौधरोपण किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
यूथ एवं ईको क्लब की प्रभारी व्याख्याता फातिमा सोगरा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में बच्चों में बचपन से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही तनाव, भय और झिझक जैसी चुनौतियों से उबरने के लिए जीवन कौशल आधारित गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित होंगी।
कार्यक्रम के समन्वयक अमजद अली ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधे को अपना साथी मानकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो विद्यालय ही नहीं, पूरा क्षेत्र हराभरा बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
बाल सभा अध्यक्ष मयंक जायसवाल, वित्त मंत्री उर्वित गुप्ता एवं सचिव ऋषभ राजवाड़े ने पौधरोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में शिक्षक रागिनी, आकीब, अमरीन, ज्योति, अंजलि, हिमांशु, रूचि और चंद्रिका सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि 'प्लानेट हीलर्स' मिशन के तहत वर्षभर विभिन्न पर्यावरणीय और व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थी भविष्य के जागरूक, जिम्मेदार और पर्यावरण हितैषी नागरिक बन
सकें।