किकिरदा में उपसरपंच प्रतिनिधि पर 14 पंचों को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी का आरोप, थाने पहुंची शिकायत**पंचो ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग, गांव में तनाव का माहौल बनने की जताई आशंका
21 जुलाई 2026
बिर्रा :- ग्राम पंचायत किकिरदा में पंचायत प्रतिनिधियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। उपसरपंच प्रतिनिधि अशोक देवांगन के खिलाफ 14 पंचों एवं पंच प्रतिनिधियों को अभद्र गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और लगातार दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए बिर्रा थाना में लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायत के बाद पंचायत क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
शिकायतकर्ता डालचंद जायसवाल (पंच प्रतिनिधि) ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि अशोक देवांगन ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए न केवल उन्हें बल्कि अन्य पंचों एवं पंच प्रतिनिधियों को भी जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में यह भी कहा गया है कि इससे पहले भी पंचों के साथ गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी उपसरपंच प्रतिनिधि अपनी पत्नी के उपसरपंच पद का प्रभाव दिखाकर पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाता है तथा विरोध करने वालों को धमकाता है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गांव में लगातार विवाद और तनाव का वातावरण बनाया जा रहा है तथा विरोध करने वालों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।
आवेदन में पंचों ने पुलिस को आगाह करते हुए कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अशोक देवांगन की होगी। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके व अन्य पंचों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन बिर्रा थाना में प्रस्तुत किया, लेकिन आवेदन प्राप्त करने के बाद भी पुलिस ने उसकी पावती नहीं दिया,जिससे स्पष्ट नहीं हो पाता कि आवेदन आधिकारिक रूप से दर्ज हुआ है या नहीं, जिससे कार्रवाई को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
*करही कांड के बाद क्षेत्र संवेदनशील,मामले को गंभीरता से ले पुलिस*
वहीं बिर्रा थाना क्षेत्र के करही कांड के बाद पूरा क्षेत्र संवेदनशील हैं,पुलिस को चाहिए कि किकिरदा में उपसरपंच पति अशोक देवांगन द्वारा गाली-गलौज,जान से मारने की धमकी देने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर कड़ी कार्रवाई करें, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न न हो।
*सभी पक्षों को कल थाना बुलाया गया है,मामले कि जांच कर कार्रवाई कि जायेगी*
*राजीव श्रीवास्तव, थाना प्रभारी बिर्रा*