भैंनापारा में वन महोत्सव, 18.45 हेक्टेयर में होंगे 18,450 पौधों का रोपण
06 जुलाई 2026
खरसिया। वन परिक्षेत्र खरसिया अंतर्गत सोनबरसा परिक्षेत्र के ग्राम भैंनापारा में रविवार को वन विभाग द्वारा वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कैंपा योजना से कक्ष क्रमांक 1194 पीएफ की 18.45 हेक्टेयर वन भूमि में 18,450 मिश्रित प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें कचनार, सागौन, जामुन, आम और खम्हार जैसी प्रजातियां शामिल हैं।
वन परिक्षेत्राधिकारी श्रीमती लीला पटेल ने बताया कि कैंपा योजना के अंतर्गत खरसिया विकासखंड के सोनबरसा, भैंनापारा और गीधा क्षेत्र की 18.45 हेक्टेयर वन भूमि का चयन वृक्षारोपण के लिए किया गया है। योजना के तहत लगाए जाने वाले पौधों की देखरेख अगले 10 वर्षों तक वन विभाग करेगा। इसके लिए फेंसिंग, सिंचाई, सुरक्षा गार्ड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि पौधों का बेहतर संरक्षण और संवर्धन हो सके।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने अपने-अपने नाम की पट्टिका के साथ पौधारोपण किया तथा पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गवेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना जितना जरूरी है, उनकी देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने की अपील की।
जिला पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे ने कहा कि यह खरसिया विकासखंड की महत्वपूर्ण वृक्षारोपण परियोजना है, जिससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र हराभरा होगा। उन्होंने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मी पटेल, सरपंच अनहित भैंनाजी, शुकवारीन सिदार, मोती महंत, योगेंद्र सिंह पांडे, ओमप्रकाश राठौर, शिवचरण महिष, रिंकू महंत, सुरेश चौहान, प्रियंका चौहान, मनोज कुमारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, ग्रामवासी तथा वन विभाग के परिक्षेत्र सहायक विजय दीक्षित, टंकेश्वर राठिया, गोवर्धन राठौर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष संवाददाता यशोदा यादव