-->
लाखो की पानी टंकी जल जीवन मिशन की व्यवस्था ठप ओड़ेकेरा ग्रामीणों ने जिम्मेदारो पर जांच कि उठाई मांग

लाखो की पानी टंकी जल जीवन मिशन की व्यवस्था ठप ओड़ेकेरा ग्रामीणों ने जिम्मेदारो पर जांच कि उठाई मांग


सक्ति /जैजैपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा ग्राम पंचायत ओडेकेरा में दम तोड़ता नजर आ रहा है। गांव में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पानी की टंकी, पाइपलाइन और नल कनेक्शन होने के बावजूद अधिकांश घरों तक आज भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और योजना की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी का निर्माण काफी समय पहले पूरा हो चुका है। गांव में पाइपलाइन बिछाकर कई घरों में नल कनेक्शन भी दिए गए, लेकिन जलापूर्ति नियमित रूप से शुरू नहीं हो सकी। कुछ स्थानों पर शुरुआती दिनों में पानी पहुंचा, जबकि अधिकांश परिवारों को आज तक नल से पानी नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पानी की टंकी केवल शोपीस बनकर रह गई है। मजबूरी में लोग आज भी हैंडपंप, कुएं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर हैं। गर्मी और बरसात के मौसम में पेयजल संकट और अधिक गहरा जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना के संचालन और रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। मोटर संचालन, विद्युत व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और समय पर मरम्मत नहीं होने से पूरी जलापूर्ति व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक और लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल शुरू कराने तथा निर्माण या संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन करने और उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को विवश होंगे।
प्रशासनिक पक्ष
समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। विभागीय सूत्रों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा तकनीकी समस्या होने पर उसका निराकरण कराया जाएगा।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article