बम्हनीडीह: शौचालय निर्माण में 2 लाख का घोटाला! 1 अधूरा, दूसरा गायब; सरपंच-सचिव पर फर्जीवाड़े का आरोप
11 जुलाई 2026
_जांजगीर-चांपा_
_संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़_
जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत सिलादेही स्थित शासकीय हाईस्कूल में शौचालय निर्माण के नाम पर 2 लाख रुपये की शासकीय राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच-सचिव की मिलीभगत से निर्माण पूरा किए बिना ही पूरी राशि निकाल ली गई। धरातल पर 1 शौचालय अधूरा है और दूसरे का कोई अता-पता नहीं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
वित्तीय वर्ष 2024-25 में हाईस्कूल के छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने हेतु 1-1 लाख रुपये, कुल 2 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे।
आरोप:पंचायत ने कागजों में निर्माण "पूर्ण" दर्शाकर पूरी राशि आहरित कर ली।
हकीकत: मौके पर जांच करने पर एक शौचालय आज भी अधूरा पड़ा है और दूसरे शौचालय का कोई स्पष्ट अस्तित्व ही नहीं है।
ग्रामीणों के सवाल
1. "दूसरा शौचालय कहां है?" - अगर 2 के नाम पर राशि निकली तो दूसरा बना कहां?
2. "पैसा कहां गया?"- नहीं बना तो 2 लाख किस मद में खर्च हुए?
3. "फर्जी बिल का खेल" - पंचायत प्रस्ताव और दस्तावेजों में फर्जी बिल लगाकर खजाने को चूना लगाया गया।
सबसे गंभीर: छात्र आज भी वंचित
जिन छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधा के लिए राशि स्वीकृत हुई थी, वे आज भी शौचालय के अभाव में परेशान हैं। वहीं जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर मौन हैं, जिससे गांव में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है:
1. उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए
2. निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन हो
3 दोषी सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो
ग्रामीणों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से "शौचालय निर्माण के नाम पर हुए बड़े फर्जीवाड़े" का खुलासा होगा।