यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक का तबादला, संजीव कुमार बाजपेयी बने नए एसपीललितपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक (आईपीएस, आरआर-2016) का तबादला कर उन्हें पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं 43वीं वाहिनी पीएसी, एटा के सेनानायक संजीव कुमार बाजपेयी (आईपीएस, एसपी-2018) को ललितपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जारी आदेश के अनुसार अन्य प्रमुख तबादलों में अनिल कुमार सिंह को सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से पुलिस अधीक्षक रामपुर भेजा गया है। गोपाल कृष्ण चौधरी को पुलिस उपायुक्त, लखनऊ कमिश्नरेट से स्थानांतरित कर 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ का सेनानायक बनाया गया है। वहीं सोमेंद्र मीना को रामपुर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा नियुक्त किया गया है। ललितपुर में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में संजीव कुमार बाजपेयी की नियुक्ति के बाद जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जताई जा रही हैं। वहीं मोहम्मद मुस्ताक के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण अभियानों और अपराध नियंत्रण की कार्रवाई चर्चा में रही।अब जिले के लोगों की निगाहें नए पुलिस कप्तान के कार्यभार ग्रहण करने और उनकी प्राथमिकताओं पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि नए एसपी पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देंगे।
17 जुलाई 2026