बिर्रा: पुलिस की नाक के नीचे 30 रुपये में बिक रही अवैध महुआ शराब! "शराब की गंगा" से परेशान ग्रामीण, SP से लगाएंगे गुहार
09 जुलाई 2026
*
_जांजगीर-चांपा_
_संवाददाता: सरिता, साइंस वाणी न्यूज छत्तीसगढ़_
थाना बिर्रा क्षेत्र में अवैध महुआ शराब पॉलीथीन में गली-गली में खुलेआम बेची जा रही है ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस संरक्षण के कारण कारोबारी बेखौफ हैं और 30 रुपये में सस्ती शराब की "बाढ़" आ गई है। वहीं नए थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने कहा है कि "अवैध शराब के खिलाफ जल्द अभियान चलाया जाएगा, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।"
"गली-गली में शराब की गंगा": महिलाएं सहमीं, युवा लत में
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से देर रात तक पॉलीथीन में महुआ शराब बिकने से मोहल्ले का माहौल खराब हो गया है।आरोप:
- सस्ती शराब: 30 रुपये में आसानी से उपलब्ध
- भीड़-भाड़: गली-गली में शराबियों की भीड़, युवा-बुजुर्ग सड़क पर गिरे मिलते हैं
- महिलाओं की दिक्कत: घर से निकलने में डर, कई घर उजड़ गए
- अपराध बढ़े: नशे की हालत में घटनाएं हो रही हैं
शिकायत के बाद भी बिक्री जारी, "चंदा" का आरोप
ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच शिकायत कर चुके हैं, लेकिन बिक्री बंद नहीं हुई। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि कारोबारी खुलेआम कहते हैं "हम पुलिस को चंदा देते हैं" इसलिए छूट मिली हुई है।इसी कारण कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
SP की कार्रवाई की तारीफ, पर कुछ थानों में ढिलाई
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अवैध शराब के खिलाफ सकारात्मक पहल कर सुर्खियां बटोरी हैं और आमजन में इसका असर भी दिख रहा है।लेकिन बिर्रा जैसे कुछ थानों में ढिलाई के कारण अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
थाना प्रभारी का बयान: "मुहिम चलाएंगे"
थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने कहा: _"गली-गली में अवैध शराब की शिकायत आपके माध्यम से मिली है। मैं अभी-अभी चार्ज लिया हूं। जल्द ही अवैध शराब के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी और किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"_
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे SP विजय कुमार पाण्डेय से मिलकर अवैध महुआ शराब पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग करेंगे।