-->
सूने मकान में लाखों की चोरी का पर्दाफाश: 300 से ज्यादा CCTV खंगालकर चारामा पुलिस ने दबोचा शातिर चोर, 10 लाख का माल बरामद

सूने मकान में लाखों की चोरी का पर्दाफाश: 300 से ज्यादा CCTV खंगालकर चारामा पुलिस ने दबोचा शातिर चोर, 10 लाख का माल बरामद

बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर

चारामा, 22 जुलाई 2026।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले की चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 निवासी पंकज मेघाभाग अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने मकान के पीछे से घुसकर दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़ दिया तथा सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित लगभग 8.45 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने वार्ड क्रमांक 02 चारामा निवासी पवन सोनकर (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि निजी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने इस चोरी को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास सहित अन्य औजार बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 10 लाख रुपये बताया गया है।
इस पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने किया। चारामा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर कड़ी नजर का संदेश गया है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article