समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ में ललितपुर के शत्रुध्न यादव बने प्रदेश सचिव। ललितपुर। समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनपद ललितपुर के वरिष्ठ कार्यकर्ता शत्रुध्न यादव को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। इस मनोनयन से जिले के समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर यह नियुक्ति की गई है। मनोनयन पत्र पर समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजपाल कश्यप के हस्ताक्षर हैं।शत्रुध्न यादव, जो ललितपुर शहर के स्टेशन रोड स्थित सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी हैं, लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनसे अपेक्षा व्यक्त की है कि वे समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत तथा गतिशील बनाने का कार्य करेंगे।प्रदेश सचिव मनोनीत होने पर शत्रुध्न यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप सहित पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन के विस्तार और पिछड़े वर्ग के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे।शत्रुध्न यादव के मनोनयन पर ललितपुर के समाजवादी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
22 जुलाई 2026