लैंप्स चलो अभियान के तहत कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, खाद की समस्या पर जताई नाराजगी
02 जुलाई 2026
बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर
कांकेर। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा “लैंप्स चलो अभियान” के तहत आज लैंप्स भैंसासुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को पूर्व की भांति समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान कृषि सीजन में खाद की कमी के कारण फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए खाद वितरण व्यवस्था को तत्काल सुचारू किया जाए तथा पूर्व की तरह पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसानों के हित में कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी लैंप्स प्रबंधन की होगी।
लैंप्स चलो अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।