-->
खरसिया के डांसिंग स्टार भारत केशरवानी की छॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री, नई फिल्म ‘लंदर फंदर प्यार मोहब्बत’ का भव्य ऐलान

खरसिया के डांसिंग स्टार भारत केशरवानी की छॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री, नई फिल्म ‘लंदर फंदर प्यार मोहब्बत’ का भव्य ऐलान

साइंस वाणी न्यूज़ -
खरसिया/रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को एक नया चेहरा मिलने जा रहा है। खरसिया के प्रतिभाशाली डांसर और युवा कलाकार भारत केशरवानी अब बतौर मुख्य अभिनेता छॉलीवुड में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। रायपुर स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित भव्य समारोह में उनकी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘लंदर फंदर प्यार मोहब्बत’ का आधिकारिक ऐलान किया गया। ढोल-नगाड़ों, रंगारंग प्रस्तुतियों और तालियों की गूंज के बीच हुए इस आयोजन में फिल्म जगत की कई हस्तियों के साथ प्रदेशभर से पहुंचे समर्थकों ने भारत केशरवानी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह का माहौल शुरू से ही उत्साह और उल्लास से भरा रहा। मंच पर जैसे ही भारत केशरवानी ने अपनी दमदार लाइव डांस प्रस्तुति दी, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों के साथ-साथ उपस्थित फिल्म निर्देशकों और कलाकारों को भी प्रभावित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मानना था कि भारत अभिनय और नृत्य, दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने की पूरी क्षमता रखते हैं।
भारत केशरवानी इससे पहले 20 से अधिक म्यूजिक एलबम्स में अपनी अभिनय और नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। सोशल मीडिया और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने युवाओं के बीच एक मजबूत पहचान बनाई है। अब वे बड़े पर्दे पर मुख्य अभिनेता के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू करने जा रहे हैं, जिसे लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
फिल्म ‘लंदर फंदर प्यार मोहब्बत’ के निर्माता दीपक जायसवाल हैं, जबकि इसकी कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी अनुभवी निर्देशक गंगा सागर पांडा संभाल रहे हैं। गंगा सागर पांडा इससे पहले ‘सुहाग’ और ‘बली’ जैसी सफल छत्तीसगढ़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म से जुड़े लोगों के अनुसार यह फिल्म मनोरंजन, रोमांस, हास्य और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण होगी, जिसमें युवाओं की पसंद और वर्तमान दौर की कहानी को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
भारत केशरवानी का फिल्मी दुनिया से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। वे छत्तीसगढ़ी एवं भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने निर्माता-निर्देशक गायत्री-राजेश केशरवानी के सुपुत्र हैं। उनके पिता राजेश केशरवानी भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ चर्चित फिल्म ‘लहू के दो रंग’ में भी कार्य कर चुके हैं। कला और सिनेमा का माहौल परिवार में होने के बावजूद भारत ने अपनी पहचान स्वयं की मेहनत और प्रतिभा के बल पर बनाने का संकल्प लिया। मात्र 14 वर्ष की आयु से उन्होंने नृत्य और अभिनय के क्षेत्र में लगातार मेहनत करते हुए खुद को मंच से लेकर कैमरे तक साबित किया।
इस अवसर पर भारत केशरवानी का पूरा परिवार भी मौजूद रहा। उनके बड़े पिता एवं समाजसेवी राकेश केशरवानी ने कहा कि भारत ने बचपन से ही कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने सपनों को साकार करने का प्रयास किया है। उन्हें विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल करेगी और बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
वहीं भारत के माता-पिता भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बेटे को बड़े पर्दे पर मुख्य अभिनेता के रूप में देखने का सपना आज साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दर्शक भारत को उसी स्नेह और समर्थन से नवाजेंगे, जैसा उन्हें अब तक उनके नृत्य और अभिनय के लिए मिलता रहा है।
फिल्म के भव्य ऐलान के साथ ही छॉलीवुड को एक नए युवा अभिनेता की सौगात मिली है। खरसिया सहित पूरे रायगढ़ जिले के लोगों में भारत केशरवानी की इस उपलब्धि को लेकर गर्व और उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि भारत अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल छत्तीसगढ़ी सिनेमा में नई ऊंचाइयों को छुएंगे, बल्कि प्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। 

विशेष संवाददाता छत्तीसगढ़ यशोदा यादव

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article