समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए यशोदा यादव का हुआ भव्य सम्मान, बढ़ाया समाज का गौरव
रायपुर। छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह 2026–27 में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली यशोदा यादव को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
रविवार को वृंदावन हॉल, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित समारोह में यशोदा यादव को सामाजिक सेवा, महिला जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन एवं जनहित के कार्यों में उनके निरंतर योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उपस्थित अतिथियों और समाजजनों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ताराचंद यादव (सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश) तथा अध्यक्षता विरसा राम यादव (वरिष्ठ समाजसेवी) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस रीता यादव एवं डॉ. अलका यादव उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यशोदा यादव ने समाज सेवा के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनका सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है और युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देता है।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।