वेदांत कांट्रेक्टर एसोसिएशन को मिला नया नेतृत्व, राजकुमार यादव सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष
09 जुलाई 2026
साइंस वाणी न्यूज बालको, कोरबा। वेदांत कांट्रेक्टर एसोसिएशन की आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व अध्यक्ष के प्रस्ताव पर एवं संगठन के समस्त सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति एवं सर्वसम्मति से श्री राजकुमार यादव को वेदांत कांट्रेक्टर एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री राजकुमार यादव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता वेदांत क्षेत्र के समस्त ठेकेदारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान तथा उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती एवं एकजुटता के साथ लड़ना होगी।
उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा। संगठन के प्रत्येक सदस्य को उसकी योग्यता, क्षमता एवं अनुभव के अनुरूप कार्य दिलाने हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि सभी सदस्यों को समान अवसर एवं सम्मान मिल सके। साथ ही संगठन और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ठेकेदारों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से उठाया जाएगा।
श्री यादव ने सभी सदस्यों से संगठन की एकता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि "एक मजबूत संगठन ही ठेकेदारों की वास्तविक ताकत है। हम सभी मिलकर वेदांत कांट्रेक्टर एसोसिएशन को नई पहचान और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेते हैं।"
*बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री राजकुमार यादव के नेतृत्व में वेदांत कांट्रेक्टर एसोसिएशन ठेकेदारों के हितों की प्रभावी आवाज बनेगा तथा संगठन निरंतर नई उपलब्धियां हासिल करेगा।*