छात्र एकता ने शिक्षा व्यवस्था की सुधार और सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को सौंपे दो महत्वपूर्ण ज्ञापन
20 जुलाई 2026
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ प्राप्त जानकारी के अनुसार :- धरमजयगढ़, 20 जुलाई।
छात्र एकता धरमजयगढ़ के अध्यक्ष अंकित यादव के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला कलेक्टर रायगढ़ के नाम अनुविभागीय अधिकारी (रा) धरमजयगढ़ को दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे पहला ज्ञापन देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा को लेकर था, जबकि दूसरा ज्ञापन धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप एवं स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाने की मांग को लेकर दिया गया।
शिक्षा व्यवस्था संबंधी ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं संगठन ने मांग की कि पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
दूसरे ज्ञापन में धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के समीप एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाने की मांग की गई संगठन ने कहा कि इन उपायों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा आम नागरिकों और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इसमें छात्र एकता धरमजयगढ़ के अध्यक्ष अंकित यादव के साथ उपाध्यक्ष विनीत नामदेव, सचिव बलभद्र यादव तथा सक्रिय सदस्य एवं लीडर्स,शहबाज खान, फरहान खान, विष्णु सिंह, हितेश हलदार, देव दास, मिहिर मल्लिक, अमन निषाद और जिआउल सिद्दीकी उपस्थित रहे।
संगठन ने जिला प्रशासन से दोनों विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित करने तथा जनहित एवं छात्रहित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है...
हेमंत कुमार टंडन
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़ छत्तीसगढ़