ओवरटेक की कोशिश में दो ट्रेलर फंसे, बलौदा-नैला मार्ग पर घंटों लगा जाम
26 जुलाई 2026
*संवाददाता सूर्य बरेट*
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम जरवे स्थित बलौदा-नैला-जांजगीर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे एक ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण बड़ा यातायात बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, ओवरटेक करने के प्रयास में दो ट्रेलर आपस में फंस गए, जिससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रेलर चालक ने जल्दबाजी में ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों भारी वाहन सड़क पर फंस गए। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन कई घंटों तक प्रभावित रहा। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद लापरवाह ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए ऐसे चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।