बाल्को मिनीमाता स्कूल मार्ग में खड़े गिट्टी लोड ट्रेलर से टकराई बालको कर्मचारी की कार…
15 जुलाई 2026
बाल्को मिनीमाता स्कूल मार्ग में खड़े गिट्टी लोड ट्रेलर से टकराई बालको कर्मचारी की कार…
साइंस वाणी न्यूज,,बालको में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मिनीमाता स्कूल के पास एक सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहे एक बालको कर्मचारी की ब्रेजा कार हाईवे किनारे खड़े गिट्टी से लोड ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था, जिससे यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर बालको क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध होने के बावजूद आहलूवालिया कंपनी के ट्रेलर दिन-रात तेज रफ्तार से दौड़ते रहते हैं। गिट्टी, रेत और मिट्टी से लदे ट्रेलरों का लगातार आवागमन होने से आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जिस मार्ग से भारी वाहन गुजरते हैं, वहीं घनी आबादी, स्कूल और अस्पताल भी स्थित हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर भारी वाहनों का संचालन जारी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल बालको थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना ने प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।