सड़क और स्कूल भवन निर्माण में देरी से ग्रामीणों में आक्रोश, 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनीपेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर मार्ग के 7 किलोमीटर हिस्से की बदहाली से परेशान ग्रामीण, स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन का निर्माण भी अब तक शुरू नहीं
07 अगस्त 2026
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम पंचायत बालपुर–सरधाभाठा क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क, स्कूल भवन निर्माण और किसानों के मुआवजे से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष गंभीर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त 2026 तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण 17 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
7 किलोमीटर सड़क की हालत बदहाल
ग्रामीणों के अनुसार पेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर मार्ग की लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।
इस मार्ग से स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और बड़ी संख्या में आम नागरिक रोजाना आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य जरूरी वाहनों के संचालन में भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ कराया जाए। जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक वर्तमान सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु किया जाए।
स्वामी आत्मानंद स्कूल का भवन अब तक नहीं बना
ज्ञापन में ग्राम पंचायत बालपुर में संचालित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश/हिंदी मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन निर्माण के लिए शासन स्तर से 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये की स्वीकृति पहले ही प्रदान की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय का अपना भवन नहीं होने के कारण 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को किराए के भवन अथवा अन्य असुविधाजनक परिस्थितियों में अध्ययन करना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ विद्यालय संचालन में भी कठिनाइयां सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने स्वीकृत राशि के अनुरूप विद्यालय भवन निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
प्रभावित किसानों के मुआवजे की राशि भी लंबित
ज्ञापन में सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों के मुआवजे का मामला भी उठाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा केवल पुल का निर्माण किया गया और सड़क का काम अधूरा छोड़ दिया गया।
वहीं बाईपास सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों की मुआवजा राशि एसडीएम कार्यालय में लंबित बताई गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा राशि के चेक वितरित किए जाएं और इसके बाद सड़क निर्माण कार्य को तत्काल आगे बढ़ाया जाए।
15 अगस्त तक कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि सड़क निर्माण, स्कूल भवन निर्माण और मुआवजा वितरण सहित सभी समस्याओं पर 15 अगस्त 2026 तक सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 17 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
सरपंच और उपसरपंच ने दी सूचना
ज्ञापन में प्रार्थीगण के रूप में विशाल कृष्णा सरपंच, रोशन कुर्रे सरपंच तथा कैलाश राय उपसरपंच के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर किया जाएगा।
ज्ञापन के साथ पंचायत प्रस्ताव की छायाप्रति, सड़क की वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ तथा विद्यालय भवन स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए समय रहते समस्याओं का समाधान करेगा और प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।