अच्छी बारिश और समृद्धि की कामना को लेकर ग्राम राजपुर में श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई इंद्र पूजा
07 अगस्त 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाडी न्यूज़ लैलूंगा
लैलूंगा। विकासखंड लैलूंगा अंतर्गत ग्राम राजपुर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना को लेकर पारंपरिक इंद्र पूजा का आयोजन श्रद्धा एवं आस्था के साथ किया गया। ग्रामीणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान इंद्र का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र में समय पर एवं पर्याप्त वर्षा होने की प्रार्थना की।
ग्रामीणों का मानना है कि इंद्र देव की पूजा-अर्चना से प्राकृतिक संतुलन बना रहता है तथा कृषि कार्यों के लिए अनुकूल वर्षा होती है। इसी विश्वास के साथ पूरे गांव के लोगों ने एकजुट होकर इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। पूजा के दौरान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कराया गया और गांव की सुख-समृद्धि, किसानों की अच्छी फसल तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की गई।
इस अवसर पर ग्राम के सरपंच,उपसरपंच धर्मेंद्र बेहरा सहित दिलेश्वर पैंकरा, धनश्याम बेहरा, रायबहादुर बेहरा, पंडित सुनील कुमार होता, पंडित शिव कुमार थानापति, पूर्व विधायक ह्रदयराम राठिया, हिम सागर पैंकरा, आलोक रंजन पैंकरा एवं समस्त पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
पूजा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान इंद्र से क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा होने, किसानों की फसल लहलहाने तथा गांव में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों की सहभागिता और एकजुटता देखने को मिली।