विकसित भारत मिशन-2025की शुरुआत: अब ग्रामीण मजदूरों को मिलेंगे 125 दिन रोजगार, भैयाथान में सरपंच-पंचों का प्रशिक्षण
जनपद पंचायत में आयोजित कार्यशाला में नई गारंटी योजना की जानकारी, जल संरक्षण, अधोसंरचना, आजीविका और आपदा प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनपद पंचायत भैयाथान में गुरुवार को क्षेत्र के सभी सरपंचों एवं पंचों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को मिशन की नई कार्ययोजना, पंचायत राज अधिनियम और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
जनपद कार्यक्रम अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण -2025 के तहत ग्रामीण गरीब परिवारों को रोजगार की नई गारंटी दी जा रही है। अब पात्र मजदूरों को वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी, पलायन में कमी आएगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत विकास कार्यों को चार प्रमुख क्षेत्रों में केंद्रित किया गया है। इनमें जल सुरक्षा, मूलभूत ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा आपदा निवारण एवं प्रबंधन शामिल हैं। जल संरक्षण के लिए तालाब, चेकडैम, अमृत सरोवर, वर्षा जल संचयन एवं जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं ग्रामीण अधोसंरचना के तहत सड़क, नाली, सामुदायिक भवन एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक अंकेक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत मिशन के उद्देश्य सफल होंगे।
श्री तिवारी ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की श्रमिकों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध कराकर हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाएं , साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में उपस्थित सरपंचों एवं पंचों ने मिशन के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लेते हुए जल संरक्षण, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं सभी ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
