-->
20 दिनों से अंधेरे में कमरगा, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण बेहालखराब ट्रांसफार्मर के कारण बिजली-पानी संकट गहराया, लिखित शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई; ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की

20 दिनों से अंधेरे में कमरगा, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण बेहालखराब ट्रांसफार्मर के कारण बिजली-पानी संकट गहराया, लिखित शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई; ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की



संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा

लैलूंगा। आमतौर पर एक-दो दिन बिजली नहीं आने पर ही लोगों की परेशानी बढ़ जाती है, लेकिन लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कमरगा में ग्रामीणों को पिछले 20 दिनों से बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर करीब 20 दिनों से खराब पड़ा है, जिसके चलते ग्रामीण बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या से भी जूझ रहे हैं।
लगातार 20 दिनों से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली उनके लिए केवल रोशनी का साधन नहीं, बल्कि पानी सहित कई जरूरी कार्यों के लिए भी आवश्यक है। बिजली बंद होने से रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
लिखित शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों के मुताबिक, खराब ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर को सुधारने अथवा बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी विभागीय अधिकारियों तक पहुंचने के बाद भी उनकी सुध नहीं ली जा रही है। करीब तीन सप्ताह के आसपास बिजली संकट झेलने के बाद अब ग्रामीणों का सब्र टूटने लगा है।
आखिर क्यों मौन हैं विद्युत विभाग के जिम्मेदार?
ग्रामीणों की समस्या को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जब एक-दो दिन बिजली गुल होने पर आम जनता परेशान हो जाती है, तो 20-20 दिनों तक बिजली के बिना रहने वाले कमरगा के ग्रामीणों की परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर मौन क्यों हैं? लिखित शिकायत मिलने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या ग्रामीणों को अपनी मूलभूत बिजली सुविधा के लिए इतने लंबे समय तक इंतजार करना पड़ेगा?
ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल सुधारने अथवा नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि गांव में बिजली व्यवस्था बहाल हो सके और पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर अपनी मांग को लेकर आगे आवाज उठानी पड़ सकती है।
अब खबर प्रकाशित होने के बाद क्या करेगा विभाग?
कमरगा गांव में पिछले 20 दिनों से जारी बिजली संकट और ग्रामीणों की लिखित शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मामला अब सवालों के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और खराब ट्रांसफार्मर को कब तक सुधारकर गांव की बिजली व्यवस्था बहाल करते हैं।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article