-->
लोकधारा गौरव सम्मान से नवाजे गए लोक गायक रमेश कुमार गुप्ता

लोकधारा गौरव सम्मान से नवाजे गए लोक गायक रमेश कुमार गुप्ता

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया सम्मानित, लोकगीतों के जरिए सामाजिक जागरूकता फैलाने के प्रयासों को मिली सराहना

बरौल। छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोकगीतों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाने वाले सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध लोक गायक एवं भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता को राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य लोकधारा गौरव सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोक कलाकार शामिल हुए।

समारोह में छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लोक गायक रमेश कुमार गुप्ता को लोकधारा गौरव सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर जिले के कलाकारों एवं कला प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

लोक गायक रमेश कुमार गुप्ता छत्तीसगढ़ी लोकगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने स्वयं अनेक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की रचना कर उन्हें अपनी आवाज दी है। उनकी प्रस्तुतियां छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन से जुड़ी होती हैं। खास बात यह है कि वे लोकगीतों को केवल मनोरंजन का माध्यम न बनाकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का माध्यम भी बना रहे हैं।

रमेश कुमार गुप्ता द्वारा अपने गीत-संगीत के माध्यम से नशामुक्ति, पोषण एवं कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छ भारत मिशन, वन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाता है। वे गांव-गांव में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोकगीत एवं संगीत प्रस्तुत कर आम लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद रमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों की जिम्मेदारी केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि अपनी कला के माध्यम से समाज को सही दिशा देने की भी है। वे आगे भी छत्तीसगढ़ी लोककला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने और जनजागरूकता के लिए कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म निगम बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, लोक कलाकार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास मानिकपुरी, सूरजपुर जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद प्रजापति, रामलाल काशिपुरी, लखन मानिकपुरी सहित प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोक कलाकार उपस्थित रहे।

रमेश कुमार गुप्ता को मिले इस सम्मान को सूरजपुर जिले की लोक कला के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article