बिजली दर वृद्धि के विरोध में शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन
19 अगस्त 2026
बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर
अंतागढ़। प्रदेश में बढ़ी हुई विद्युत दरों को वापस लेने की मांग को लेकर शिवसेना (उद्धव बाला ठाकरे) अंतागढ़ इकाई ने एसडीएम अंतागढ़ के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। शिवसेना ने सरकार से तत्काल बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि किए जाने से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। संगठन का कहना है कि बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण आम जनता परेशान है और सरकार को जनहित में इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सुविधा की दरों में वृद्धि का सीधा असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ता है। संगठन ने मांग की कि सरकार तत्काल बढ़ी हुई विद्युत दरों को वापस लेकर आम जनता को राहत प्रदान करे।
इस दौरान शिवसेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने बिजली दर वृद्धि के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।