-->
नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान से गूंजा अम्बेडकर पब्लिक स्कूल परिसर

नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान से गूंजा अम्बेडकर पब्लिक स्कूल परिसर











सक्ती–मसनिया कला। दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शक्ति द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत अम्बेडकर पब्लिक स्कूल, मसनिया कला में विद्यार्थियों के लिए विशेष नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में मधु दीदी, बी.के. पुष्पलता दीदी, बी.के. कमला माता एवं बी.के. तुलसी दीदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शरीर, मस्तिष्क एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। नशे की आदत धीरे-धीरे व्यक्ति की कार्यक्षमता को कम करने के साथ उसके परिवार, पढ़ाई, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है।


दीदियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक परेशानियों, पारिवारिक तनाव एवं सामाजिक समस्याओं की ओर ले जा सकती है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि स्वयं एक बड़ी समस्या है।


उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्रों का साथ रखने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।


विद्यालय के डायरेक्टर बी.डी. चौहान ने ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों का ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे और युवा यदि नशे से दूर रहेंगे, तो निश्चित रूप से हमारा समाज और राष्ट्र मजबूत बनेगा।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन, अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article