-->
तिरंगे की शान में गूंजा बतरा, देशभक्ति से सराबोर हुआ विद्यालय परिसर

तिरंगे की शान में गूंजा बतरा, देशभक्ति से सराबोर हुआ विद्यालय परिसर

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतरा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

बरौल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। तिरंगे से सजे परिसर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक समारोह में सहभागिता की


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष हीरालाल राजवाड़े रहे। इस अवसर पर बतरा सरपंच आनंद सिंह आरमो, जनपद सदस्य प्रतिनिधि चंद्र सिंह, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भुवनेश्वर प्रजापति, उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव, राम कुमार प्रजापति पत्रकार सांसद प्रतिनिधि प्रिंस जायसवाल, राजेंद्र तिवारी एवं रामटहल राजवाड़े सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगा लहराते ही पूरा विद्यालय परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया।

8 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

समारोह में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पीएम श्री के अंतर्गत कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 6 विद्यार्थियों तथा कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1 विद्यार्थी को सम्मानित किया गया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 10वीं के 1 एवं कक्षा 12वीं के 1 मेधावी विद्यार्थी को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 8 विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

बतरा सरपंच आनंद सिंह आरमो ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 16 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

सरपंच ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

विद्यालय के प्राचार्य उत्तम राजवाड़े ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शिक्षक राम करण राजवाड़े, नरेंद्र गुप्ता, रविंद्र सिंह, बुधराम पैकरा, अमजद अली तथा शिक्षिकाएं फातिमा सोगरा, प्रियंका मिश्रा, सरोज किंडो एवं गीता साहू सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का माइक संचालन प्रियंका मिश्रा ने किया। राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article